Friday, 4 December 2015

कैलिफ़ोर्निया के हमलावरों का 'परिवार सदमे में'

Image copyrightABC NEWS I AP
अमरीका में सैन बर्नारडिनो के हमलावरों का प्रतिनिधित्व करने वाले वकीलों का कहना है कि हमलावरों का परिवार ‘पूरी तरह सदमे’ में है.
उनका कहना है कि परिवार को इस बात का ज़रा भी अहसास नहीं था कि सैयद रिज़वान फ़ारूक़ और उनकी पत्नी तशफ़ीन मलिक ऐसा कोई हमला कर सकते हैं.
अमरीकी जांच एजेंसी एफ़बीआई का कहना है कि वो 'आतंकवादी गतिविधि' मानते हुए इस घटना की जांच कर रही है. लेकिन वकीलों का कहना है कि किसी भी नजीते पर पहुंचने में जल्दबाजी न दिखाई जाए.
बुधवार को सैन बर्नारडिनो में हुई गोलीबारी में 14 लोग मारे गए जबकि 21 जख्मी हुए थे.
पुलिस के साथ जवाबी कार्रवाई में 27 वर्षीय तशफ़ीन मलिक और 28 वर्षीय सैयद रिज़वान फ़ारूक़ मारे गए.
Image copyrightAP
वकील डेविड चेल्सी और मोहम्मद अबुएरशैद का कहना है कि इस बात का कोई सबूत नहीं है कि इस दंपति की विचारधारा चरमपंथी थी या वो किसी चरमपंथी गुट के सदस्य थे.
सैयद रिज़वान की बहन सायरा ख़ान ने अमरीकी टीवी चैनल सीबीएस को बताया, “मैं कभी सोच भी नहीं सकती हूं कि मेरा भाई या फिर भाभी ऐसा कोई काम करेंगे, ख़ास कर तब, जब वो ख़ुशनुमा शादीशुदा जिंदगी बिता रहे थे और उनकी छह महीने की एक ख़ूबसूरत बेटी थी.”
बताया जाता है कि फ़ारूक अलग-थलग रहने वाले इंसान थे और उनके कुछ ही दोस्त थे जबकि तशफ़ीन मलिक के बारे में उनके परिवार का कहना है कि वो ‘एक ध्यान रखने वाली, मृदुभाषी’ गृहिणी थी.

No comments:

Post a Comment