Sunday, 6 March 2016

युद्धपोत आईएनएस विराट में लगी आग, एक नाविक की मौत

युद्धपोत आईएनएस विराट में लगी आग, एक नाविक की मौत
फाइल फोटो
नई दिल्ली: गोवा में विमानवाहक युद्धपोत आईएनएस विराट के एक ब्यॉलर रूम में रविवार को मामूली आग लग गई। नौसेना के एक प्रवक्ता ने बताया कि पोत आग' लगने की घटना हुई। उन्होंने दावा किया कि इस पर तुरंत ही काबू पा लिया गया, लेकिन आग पर काबू पाने के दौरान चार नाविक घायल हो गए।

इनमें से एक चीफ इंजीनियर (मैकेनिक) आशु सिंह की हालत धुएं के कारण गंभीर थी। उन्हें गोवा के नौसैनिक अस्पताल ले जाया गया, जहां दिल का दौरा पड़ने के बाद उनकी मौत हो गई। तीन अन्य घायलों का इलाज जारी है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। इस हादसे की जांच जारी है। आईएनएस विराट के जल्द ही मुंबई लौटने की उम्मीद है।

आईएनएस विराट को जल्द ही सेवा से हटाया जाने वाला है।
 

कोलकाता : बलात्कार से बचने के लिए महिला दूसरे माले से कूदी, बॉय फ्रेंड गिरफ्तार

कोलकाता : बलात्कार से बचने के लिए महिला दूसरे माले से कूदी, बॉय फ्रेंड गिरफ्तार
प्रतीकात्मक तस्वीर
कोलकाता: कोलकाता में एक लड़की बलात्कार से बचने के लिए बिल्डिंग के दूसरे माले से कूद गई। लड़की के साथ कथित तौर पर जबरदस्ती करने की कोशिश करने वाले उसके बॉय फ्रेंड और दो दोस्तों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।  20 साल की यह युवती फिलहाल अस्पताल में है। यह घटना हावड़ा के पास रविवार शाम की है।

रिपोर्ट के अनुसार यह लड़की अपने बॉय फ्रेंड से मिलने आई थी। जब वह मिलने की जगह पहुंची तो वहां उसके दो और दोस्त मौजूद थे। महिला के ड्रिंक में उसके दोस्तों ने कुछ नशीला पदार्थ मिला दिया था और फिर उस पर हमला किया था। पीड़ित लड़की के चिल्लाने पर उसके दोस्तों ने कथित तौर पर उसे मार डालने की धमकी भी दी थी। पुलिस के मुताबिक इसके बाद ही लड़की बालकनी की तरफ भागी और दूसरे माले से कूद गई। स्थानीय लोगों ने लड़की को कूदते हुए देखा और उसे अस्पताल लेकर गए। कुछ लोगों ने तीनों हमलावरों को धर दबोचा और पुलिस के हवाले कर दिया।

अमेरिका की पूर्व प्रथम महिला नैंसी रीगन का निधन, जानें उनके बारे में

अमेरिका की पूर्व प्रथम महिला नैंसी रीगन का निधन, जानें उनके बारे में
नैंसी रीगन (फाइल फोटो)
वॉशिंगटन: अमेरिकी की पूर्व प्रथम महिला नैंसी रीगन का रविवार को लॉस एंजेलिस में उनके घर में निधन हो गया। वह 94 वर्ष की थी। उनके कार्यालय द्वारा जारी किए गए बयान के मुताबिक, उनका दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। उन्हें कैलिफोर्निया में रोनाल्ड रीगन प्रेजिडेंशियल लाइब्रेरी में उनके पति रोनाल्ड विल्सन रीगन के बगल में ही दफनाया जाएगा।

रोनाल्ड रीगन की जून 2004 में मौत हो गई थी। नैंसी के अंतिम संस्कार से पहले उन्हें लोगों द्वारा श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए लाइब्रेरी में रखा जाएगा।

वॉइट हाउस ने रविवार को नैंसी के निधन पर बयान जारी किया जिसमें अल्जाइमर शोध में उनकी भूमिका की सराहना की गई। वर्ष 1994 में रोनाल्ड रीगन को अल्जाइमर होने के बाद वह इसके शोध में जुट गई थी।

नैंसी रीगन का जन्म न्यूयॉर्क में हुआ था। वह 1940 और 1950 के दशक में हॉलीवुड में अपनी अभिनय करियर के दौरान शोहरत की बुलंदियों पर पहुंची।

बड़े हमले की तैयारी के साथ दिल्ली में आतंकियों के घुसने की आशंका, सुरक्षा चाकचौबंद

नई दिल्ली: आतंकी खतरे की आशंका के चलते राजधानी दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। सूत्रों के मुताबिक सुरक्षा एजेंसियों ने गुजरात के रास्ते भारत में दाख़िल हुए 10 आतंकियों के दिल्ली तक पहुंचने की आशंका जताई है। सूत्रों की मानें तो एक बड़े हमले की योजना के साथ आतंकी दिल्ली में घुस चुके हैं और मॉल या बाज़ारों पर हमला कर सकते हैं। पुलिस को भीड़ भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा कड़ी करने का आदेश दे दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियों से मिली ताज़ा चेतावनी के मुताबिक आतंकवादियों का संबंध लश्कर-ए-तैयबा या जैश-ए-मोहम्मद से भी हो सकता है।

इससे पहले रविवार सुबह गुजरात में पाकिस्तान की ओर से दस आतंकियों के दाख़िल होने की ख़बर आई थी। यह जानकारी पाकिस्तान के NSA नासिर ख़ान जंजुआ ने भारत के NSA यानी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल को दी है। पाकिस्तान की तरफ़ से मिली जानकारी के बाद गुजरात में अलर्ट जारी कर दिया गया है।

--- ---- ----- ----- ----- ----- -----
इस खबर से जुड़ा वीडियो यहां क्लिक करके देखें
--- ---- ----- ----- ----- ----- -----
दिल्ली में खतरा, हाईअलर्ट जारी
खुफिया एजेंसियों ने दिल्ली पुलिस को अलर्ट जारी कर कहा है कि जिन आतंकियों ने गुजरात के रास्ते घुसपैठ की है वे दिल्ली में भी बड़ा आतंकी हमला कर सकते हैं। खुफिया एजेंसियों के मुताबिक 10 आतंकियों का यह दस्ता आतंकी संगठन जैश ए मोहम्मद और लश्कर ए तैयबा से जुड़ा है। दिल्ली में उनके निशाने पर सैन्य ठिकाने, ऐतहासिक इमारतें, मॉल्स, भीड़भाड़ वाले बाजार, हॉस्पिटल,स्कूल और कॉलेज आदि हैं। इन तमाम स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा बढ़ाने को कहा गया है। यह भी कहा गया है कि सीसीटीवी कैमरों से सभी संवेदनशील जगहों की निगरानी की जाए।

सार्वजनिक स्थानों की सुरक्षा बढ़ाई
सुरक्षा एजेंसियों की चेतावनी मिलते ही दिल्ली में तमाम सार्वजनिक स्थानों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और हाईअलर्ट घोषित कर दिया गया है। इससे पहले पठानकोट हमले के बाद दिल्ली में दो बार आतंकी हमले की चेतानवी दी जा चुकी है। दिल्ली पुलिस पहले ही लश्कर ए तैयबा और आईएसआईएस के संभावित हमले को लेकर मामले दर्ज कर चुकी है।
 

महाशिवरात्रि पर वारदात की फिराक में
सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि आतंकी सोमवार को महाशिवरात्रि के मौके पर वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। न सिर्फ कच्छ बल्कि कई अन्य जगहों पर भी सुरक्षा एजेसियां जांच कर रही हैं। राजस्थान, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र को छूटी गुजरात की सीमा के इर्द गिर्द भी चौकसी और पड़ताल बरती जा रही है। NSG की टीम अहमदाबाद पहुंच गई है। गुजरात पुलिस की इंटेलिजेंस विंग को भी अलर्ट कर दिया गया है और जगह-जगह तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। बड़े धार्मिक स्थलों समेत राज्य की महत्वपूर्ण जगहों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

पाकिस्तान की तरफ़ से यह भी जानकारी दी गई है कि ये आतंकी लश्कर ए तैयबा और जैश ए मोहम्मद के हैं। अलर्ट के बाद गुजरात में डीजीपी की अगुवाई में हाई लेवल मीटिंग की गई जिसके बाद पुलिस अधिकारियों की छुट्टियों को रद्द कर दिया गया है। हमले की स्थिति में एक ऐक्शन प्लान तैयार किया गया है।

गुजरात के धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा बढ़ाई
हमारे संवाददाता राजीव पाठक के मुताबिक, सोमनाथ और द्वारका जैसे धार्मिक स्थानों पर पहले से सुरक्षा कड़ी रहती है लेकिन अब इसे और बढ़ा दिया गया है। कल कच्छ में एक बोट मिली थी जोकि 'अन्क्लेम्ड' थी। पुलिस इसे लेकर भी संदेह में है और जांच कर रही है। गुजरात में एंट्री के सभी पोस्ट्स पर चेकिंग जारी है और सुरक्षा चाकचौबंद कर दी गई है।
 

व्हाइट ब्रेड और कॉर्न फ्लेक्स का सेवन बन सकता है फेफड़ों के कैंसर का कारण



व्हाइट ब्रेड और कॉर्न फ्लेक्स का सेवन बन सकता है फेफड़ों के कैंसर का कारण
न्यूयॉर्क: कहते हैं कि सुबह का नाश्ते बेहद महत्वपूर्ण होता है। इसमें कई लोग ऑयली खाना पसंद करते हैं, तो कई साधारण नाश्ता करना प्रिफर करते हैं। देखा जाए, तो अधिकतर लोग ब्रेड, कॉर्न फ्लेक्स या दलिया जैसे खाद्य पदार्थों का सेवन करते हैं।

लेकिन क्या आप जानते हैं कि कई प्रकार का तला-भुना खाना, ब्रेड या कॉर्न फ्लेक्स आपके फेफड़ों के कैंसर का कारण बन सकते हैं। एक अध्ययन के दौरान पता चला है कि व्हाइट ब्रेड, कॉर्न फ्लेक्स और तले-भुने खाने जैसे ग्लाइसेमिक इंडेक्स युक्त भोजन और पेय पदार्थ, फेफड़ों के कैंसर के विकास को बढ़ावा दे सकते हैं।

ग्लाइसेमिक इंडेक्स (जीआई) एक ऐसी संख्या होती है, जो विशेष प्रकार के भोजन से संबंध रखती है। यह व्यक्ति के खून में ग्लूकोज़ के स्तर पर भोजन के प्रभाव को हिंट देती है। जीआई और फेफड़ों के कैंसर के बीच की कड़ी कुछ विशेष प्रकार के सबग्रुप से जुड़ी होती है। कभी भी धूम्रपान न करने वालों और स्क्वॉमस सेल कार्सिनोमा (एससीसी) फेफड़ों के कैंसर का सबग्रुप माने जाते हैं।

गोरी त्वचा, हल्के रंग के बालों और नीली, हरी रंग की आंखों वाले लोगों में एससीसी के विकसित होने का खतरा सबसे ज़्यादा होता है। शोधकर्ताओं ने अध्ययन में करीब 1,905 रोगियों को शामिल किया था, जिन्हें हाल ही में फेफड़ों के कैंसर की शिकायत हुई थी। इस दौरान करीब 2,413 स्वस्थ लोगों का भी सर्वेक्षण किया गया। इसमें प्रतिभागियों ने अपनी पिछली आहार की आदतों और स्वास्थ्य इतिहास की जानकारी दी।
 

अमेरिकी की यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्सास के एमडी एंडरसन कैंसर सेंटर से इस अध्ययन के वरिष्ठ लेखक जिफेंग वू ने बताया कि “शोध के दौरान रोज़ जीआई युक्त आहार लेने वालों में जीआई युक्त भोजन न करने वालों की तुलना में फेफड़ों के कैंसर का 49 प्रतिशत जोखिम देखा गया”।

आश्चर्य तौर पर कार्बोहाइड्रेट की सीमा मापने वाले ग्लाइसेमिक लोड (जीएल) का फेफड़ों के कैंसर से कोई महत्वपूर्ण संबंध नहीं मिला। शोधार्थियों का कहना है कि तंबाकू और धूम्रपान का सेवन न करने वालों में भी फेफड़ों के कैंसर के लक्षण मिले हैं। इससे पता चलता है कि आहार का कारक भी फेफड़ों के कैंसर के होने का कारण बन सकता है।

एक ऐसी क्रीम, जो है मेलेनोमा स्किन कैंसर के लिए लाभदायक

एक ऐसी क्रीम, जो है मेलेनोमा स्किन कैंसर के लिए लाभदायक
सैंटियागो: चिली के वैज्ञानिकों ने एक ऐसी क्रीम तैयार की है, जो मेलेनोमा कैंसर के शुरुआती प्रभाव का मुकाबला करने में प्रभावी है। मेलेनोमा, स्किन कैंसर की सबसे खतरनाक किस्म होती है। चिली यूनिवर्सिटी ने बताया कि कैमिकल और फैकल्टी ऑफ बायोलॉजी के शोधकर्ताओं ने दक्षिण अमेरिकी देश के स्थानिक पौधे से यह क्रीम तैयार की है।

शोध में शामिल सोफिया मिशेलसन ने बताया कि इस क्रीम का अभी प्रलिमिनरी टेस्ट किया जा रहा है। वैसे इसका परीक्षण जानवरों पर किया जा चुका है, जिसमें यह क्रीम मेलेनोमा, जैसे स्किन कैंसर में प्रभावी साबित हुई है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के आंकड़ों के अनुसार, दुनिया भर में हर साल 20 से 30 लाख लोगों में मेलेनोमा कैंसर की परेशानी देखी जा रही है।
 


मिशेलसन ने कहा कि “हम मेलेनोमा कैंसर के लिए दवाएं खोज रहे हैं। हालांकि मार्किट में इस समस्या के लिए काफी क्रीमें उपलब्ध हैं, लेकिन सभी इस प्रकार के कैंसर के लिए इतनी प्रभावी नहीं हैं”। विशेषज्ञों का मुख्य उद्देश्य एक ऐसे तंत्र को खोजना है, जो ट्यूमर की उपस्थिति से पहले ही जीव की प्रतिक्रिया की रोकथाम कर सके।

शोधकर्ताओं ने बताया कि “यह क्रीम बाहरी उपयोग के लिए है, जिसे व्यक्ति प्रत्येक महीने में हर तीसरे दिन इस्तेमाल कर सकता है। इस दौरान क्रीम लगाने वाला भाग साफ-सुथरा होना चाहिए। उस जगह किसी भी प्रकार की गंदगी नहीं लगी होनी चाहिए।

शोधकर्ताओं का कहना था कि इसका प्रभावी गुण वाकई में प्रोत्साहित करने वाला है। साथ ही इस क्रीम की कीमत भी काफी कम है। सामान्य कैंसर के लिए बाजार में बहुत सी क्रीमें उपलब्ध हैं, लेकिन उनकी कीमत काफी ज़्यादा है।
 

टी20 सुरक्षा जांच के लिए पाक टीम भारत आएगी

Image copyright
अगले हफ्ते होने वाले वर्ल्ड कप टी20 की सुरक्षा का आकलन करने के लिए पाकिस्तान की तीन सदस्यीय टीम आज भारत आ रही है. यह टीम तीन दिन भारत में रहकर बुधवार को अपनी रिपोर्ट देगी.
इस टीम के प्रमुख उस्मान अनवर होंगे जो फ़ेडरल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी के वरिष्ठ डायरेक्टर हैं. टीम में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और भारत में मौजूद पाकिस्तान हाई कमीशन के अधिकारी भी होंगे.
Image copyrightPTI
हरियाणा के गुड़गांव में आज से 'हैपनिंग हरियाणा ग्लोबल इन्वेस्टर्स सम्मिट, 2016' शुरू हो रहा है. इसमें कई देशों के प्रतिनिधि और राजनयिक हिस्सा लेंगे. इनमें पेप्सिको की चेयरमैन इंदिरा नूयी भी शामिल हैं. हरियाणा में हाल में जाट आंदोलन के कारण हुई हिंसा के बाद लोगों का ध्यान इस कार्यक्रम पर है.
दो दिन चलने वाले इस सम्मिट में चेक रिपब्लिक, जापान, मॉरीशस, न्यूज़ीलैंड, चीन, दक्षिण कोरिया, मलावी, पेरू, पोलैंड, स्पेन, ब्रिटेन और ट्यूनीशिया जैसे देशों की भागीदारी रहेगी. केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली इसके मुख्य अतिथि होंगे.
Image copyrightGetty
एक प्रतिशत एक्साइज़ ड्यूटी का विरोध कर रहे देश भर के सुनारों की हड़ताल आज भी जारी रहेगी. ऑल इंडिया ज्वेलरी एसोसिएशंस ने देश के अलग अलग राज्यों की इकाइयों के साथ मिलकर इस महीने की दो तारीख़ को हड़ताल की घोषणा की थी. तारीख को बाद में सात मार्च तक बढ़ा दिया था.
इस बार के बजट में सरकार ने क़ीमती पत्थरों और ज्वेलरी पर एक फ़ीसदी की एक्साइज़ ड्यूटी फिर से लागू करने का फ़ैसला किया है.
भारत में आज महाशिवरात्रि का पर्व मनाया जा रहा है. इस पर्व पर हिंदू धर्म के अनुयायी विभिन्न धर्मस्थलों पर स्नान करेंगे. बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ़्टी महाशिवरात्रि के मौक़े पर बंद रहेंगे.
Image copyright
माओवादियों ने आज तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और दंडकारण्य इलाक़े में बंद का आयोजन किया है. यह बंद छत्तीसगढ़ में एक मार्च को नौ माओवादियों के पुलिस मुठभेड़ में मारे जाने के विरोध में रखा गया है. माओवादियों ने इसे फ़र्ज़ी मुठभेड़ क़रार दिया है.