जो ख़बरें शनिवार को चर्चा में रहेंगी उनमें सोनिया गांधी और राहुल गांधी की अदालत में पेशी, ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए टीम इंडिया का चयन और चीन में होने वाली मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता प्रमुख हैं.
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी नेशनल हेरल्ड मामले में दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट में पेश होंगे.
बीजेपी नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने याचिका दायर कर नेशनल हेरल्ड मामले में घपले का आरोप लगाया है.
हरियाणा में राज्य सरकार ने शनिवार से गीता जयंती समारोह मनाने का फैसला किया है. दो दिन तक चलने वाले इस आयोजन के लिए हर राज्य को 10 -10 लाख रुपए की राशि मुहैया कराई गई है.
ऑस्ट्रेलियाई दौरे के लिए भारतीय क्रिकेट टीम का चयन आज होगा. भारत इस दौरे में 12 से 31 जनवरी के बीच पांच वनडे और तीन टी-20 इंटरनेशनल मैच खेलेगा.
भारत के पेशेवर मुक्केबाज़ और ओलंपिक पदक विजेता विजेंदर सिंह बुल्गारिया के सामेत यूसीनोवा के ख़िलाफ़ मैनचेस्टर में साल का अपना आख़िरी मुक़ाबला खेलने उतरेंगे.
चीन के सानया शहर में मिस वर्ल्ड का फाइनल है. भारत की अदिति आर्य समेत इस मुक़ाबले में दुनिया भर की 114 सुंदरियां हिस्सा ले रही हैं. उधर, इराक़ में आज 40 साल बाद मिस इराक़ सौंदर्य प्रतियोगिता होने जा रही है.
अमरीका में डेमोक्रेटिक पार्टी की तरफ से राष्ट्रपति पद की उम्मीदारी की रेस में शामिल दावेदारों के बीच तीसरी बहस होगी. हालांकि हिलेरी क्लिंटन अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी बैर्नी सैंडर्स से काफी आगे चल रही हैं.
पोलैंड की राजधानी वारसा और अन्य शहरों में देश की नई दक्षिणपंथी सरकार के ख़िलाफ प्रदर्शन होंगे. नई सरकार पर आरोप है कि सत्ता संभालने के बाद से ही वो मीडिया, विपक्ष और जजों से टकरा रही है.
No comments:
Post a Comment