Wednesday, 16 December 2015

सदन में नारे लगाते थके आप सांसद भगवंत मान, तभी पीएम बोले लीजिए पानी

नई दिल्ली। लोकसभा में दो दिन से गांधीगिरी देखने को मिल रही है। बुधवार को सदन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने ही खिलाफ नारे लगे रहे ‘आप’ सांसद भगवंत मान को पानी पिलाया। इससे पहले मंगलवार को कांग्रेसी सांसद जब अध्यक्ष के आसन के समीप आकर पंजाब में दलितों पर कथित अत्याचार के मुद्दे पर हंगामा कर रहे थे तो भाजपा सांसदों ने उन्हें गुलाब के फूल भेंट किए। मान ने पानी पीने के बाद प्रधानमंत्री के इस भाव का मुस्कुराकर आभार जताया और सदन में मौजूद सदस्यों ने मेजें थपथपाकर इसका स्वागत किया और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी सहित विपक्षी सदस्य भी इस बात पर मुस्कुराते देखे गए। ‘आप’ सदस्य मान दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के कार्यालय में सोमवार को सीबीआई द्वारा की गई छापेमारी का विरोध करते हुए कांग्रेस तथा तृणमूल सदस्यों के साथ आसन के समक्ष आकर नारेबाजी कर रहे थे। मान कुछ परचे लिए हुए थे और ‘‘प्रधानमंत्री होश में आओ’’ के नारे लगा रहे थे।वह आसन के समक्ष सत्ता पक्ष की ओर प्रधानमंत्री मोदी से कुछ ही कदम दूर खड़े थे। इसी बीच नारे लगाते लगाते भगवंत मान को बेचैनी-सी महसूस हुई तो उनकी नजरें आसपास पानी ढूंढने लगीं। पहले उन्होंने विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की ओर देखा और इसी बीच धीर गंभीर मुद्रा में बैठे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपनी मेज की दराज से पानी का गिलास उठाकर भगवंत मान की ओर बढ़ा दिया।
० भगवंत ने लिया गिलास
भगवंत मान ने उनके हाथ से गिलास लिया और पानी पी लिया। इसके बाद मान ने खाली गिलास प्रधानमंत्री की मेज पर रख दिया जिसे प्रधानमंत्री ने ढक्कन से ढक दिया। सदन का एक कर्मचारी खाली गिलास लेकर चला गया और उसके स्थान पर पानी से भरा नया गिलास रख दिया। भगवंत मान ने मुस्कुरा कर इस भाव के लिए प्रधानमंत्री की ओर देखा तो प्रधानमंत्री और सुषमा भी मुस्कुरा दिए।
० दिखी गांधीगिरी
मंगलवार को जब अध्यक्ष के आसन के समीप आकर कांग्रेस सांसद पंजाब में दलितों पर कथित अत्याचार के मुद्दे पर विरोध जता रहे थे तो भाजपा सांसदों ने उन्हें गुलाब के फूल भेंट किए। कांग्रेस सदस्य पंजाब सरकार को बर्खास्त करने की मांग करने लगे। कांग्रेस सदस्य ‘पंजाब सरकार बर्खास्त करो, प्रधानमंत्री शर्म करो, दलितों पर अत्याचार बंद करो’ के नारे लगा रहे थे।

No comments:

Post a Comment