इंटरनेशनल टेनिस प्रीमियर लीग के नई दिल्ली लेग में शनिवार को टेनिस की दुनिया का सबसे बड़ा मुक़ाबले की उम्मीद है.
भारतीय टेनिस प्रेमियों को पहली बार रॉजर फ़ेडरर और रॉफ़ेल नडाल के बीच मुक़ाबला देखने को मिल सकता है.
आईपीटीएल में शनिवार शाम को इंडियन एशेज़ और यूएई रॉयल्स के बीच मुक़ाबला होगा. इंडियन एशेज़ की टीम में रॉफ़ेल नडाल हैं, वहीं यूएई रॉयल्स की ओर से उनके सामने रॉजर फ़ेडरर टेनिस कोर्ट में होंगे.
नडाल और फ़ेडरर के बीच टेनिस की दुनिया में बादशाहत को लेकर लंबे समय तक होड़ देखने को मिली. ऐसे में दिल्ली के दर्शकों में इस मुक़ाबले को लेकर काफ़ी उत्साह है.
एक ओर 14 ग्रैंड स्लैम जीतने वाले नडाल हैं, तो दूसरी ओर सर्वकालिक महान खिलाड़ियों में फ़ेडरर हैं, जिनके नाम 17 ग्रैंड स्लैम ख़िताब है.
इस मुक़ाबले को लेकर फ़ैंस और आयोजकों में तो उत्साह है ही, ख़ुद नडाल भी कम उत्साहित नहीं.
उन्होंने दिल्ली पहुंचने पर मीडिया से कहा, "कई साल से रॉजर और मेरे बीच एक तरह से होड़ रही है. मुझे उम्मीद है कि हम कुछ और अच्छे मैच खेलेंगे. यहां भारत में शानदार परिदृश्य है और ढेर सारे प्रशंसकों के सामने मैं रॉजर के ख़िलाफ़ खेलूंगा."
नडाल के लिए ये सीज़न बहुत अच्छा नहीं रहा है. दूसरी ओर रॉजर फ़ेडरर ने लगातार बेहतर खेल दिखाया है. लिहाज़ा नडाल को भी चुनौती का अहसास है.
उन्होंने कहा, "ये मुक़ाबला इनडोर होगा, जो फ़ेडरर को काफ़ी पसंद है और आईपीटीएल में तेज़ रफ़्तार में खेलना होगा और फ़ेडरर मुझसे तेज़ खेलते हैं."
फ़ेडरर पिछले सीज़न में इंडियन एशेज़ की टीम में थे, पर इस बार वे यूएई रॉयल्स की टीम से जुड़ गए हैं. पिछले सीज़न में दिल्ली के दर्शकों को रॉजर फ़ेडरर और नोवाक जोकोविच के बीच मुक़ाबला देखने को मिला था, तब फ़ेडरर ने जोकोविच को 6-5 से हराया था.
दिल्ली में नडाल और फ़ेडरर के बीच मुक़ाबले का रोमांच देखते हुए ही इस बार आयोजकों ने टिकटों के दाम चार हज़ार से 48 हज़ार रुपए के बीच रखे हैं.
No comments:
Post a Comment