नई दिल्ली। इंडोनेशिया के बाली में गिरफ्तार किए गए अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा राजन को जल्द भारत लाया जाएगा। हालांकि भारत आने पर उसे दिल्ली रखा जाएगा या मुंबई इस पर अभी संस्पेंस बना हुआ है। छोटा राजन पर मुंबई में सबसे अधिक मामले दर्ज हैं इसलिए संभावना है कि उसे मुंबई की ऑर्थर जेल में रखा जाए। छोटा राजन को दाऊद की गैंग से संभावित खतरे को देखते हुए उसे अंडा सेल में रखा जा सकता है, जहां पर आतंकवादी अजमल कसाब को रखा गया था।
वहीं छोटा राजन को भारत में लाने की तैयारियां पूरी कर ली गई है। सीबीआई से लेकर मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम इंडोनेशिया में डेरा डाले हुए हैं। ज्वालमुखी की वजह से बाली एयरपोर्ट बंद होने से उसे लाने में देरी हो रही है लेकिन जल्द ही उसे भारत लाया जाएगा।
छोटा राजन को मुंबई लाने पर आर्थर रोड जेल में रखे जाने की संभावना है। इसी के चलते जेल की सुरक्षा चाक चौबंद कर दी गई है। मुंबई में छोटा राजन अपनी जान को खतरा बता चुका है, इसी के मद्देनजर पुलिस और राज्य सरकार सतर्क हो गई है।
आर्थर जेल में अंडा सेल को सबसे सुरक्षित माना जाता है। इस सेल का आकार अंडे के आकार का है, इसलिए इसे अंडा सेल नाम दिया गया है। यहां जेल के सबसे खूंखार कैदियों को रखा जाता है। सेल को पूरी तरह से 'बॉम्बप्रूफ ' बनाया गया है। सेल के अंदर 9 रूम है, जो बेहद छोटे आकार के हैं। इन कमरों में बिजली नहीं दी जाती है, अंधेरे में ही कैदी को रखा जाता है। इसके अलावा कैदी को सोने के लिए बिस्तर दिया जाता है। सेल के बाहर इलेक्ट्रिक फेंसिंग है और अंदर-बाहर गार्ड्स तैनात रहते हैं।
बता दें कि फिलहाल खूंखार आतंकी अबू जिंदाल इस सेल में बंद है। इसके अलावा राजन का करीबी गैंगस्टर डीके राव, पत्रकार जेडे की हत्या के आरोपी सतीश कालिया से लेकर विदेश में राजन का नेटवर्क चलाने वाले अबू सावंत भी इसी जेल में बंद है। छोटा राजन को भारत लाने के लिए हाई लेवल की प्लानिंग की गई है। जेल की सुरक्षा के लिए अर्धसैनिक बल की मांग भी की गई है। जेल प्रशासन के सूत्रों की माने तो छोटा राजन को किसी दूसरे कैदियों से खतरा न हो इसके लिए जेल अधिकारी अभी से दाऊद गैंग के आरोपियों को दूसरी जेलों में भेजने की तैयारियां कर रहे है।
No comments:
Post a Comment