Saturday, 14 November 2015

पेरिसः चश्मदीद बोले- लाशों से पटा था थिएटर, 3 हमलावरों ने 15 मिनट में मारे 122

पेरिसः चश्मदीद बोले- लाशों से पटा था थिएटर, 3 हमलावरों ने 15 मिनट में मारे 122
पेरिस. फ्रांस की राजधानी पेरिस में शनिवार तड़के हुए हमले के वक्त भयानक मंजर था। आतंकियों ने पेरिस के मशहूर थिएटर बाताक्लान (कन्सर्ट हॉल) में 122 से ज्यादा लोगों को बंधक बना कर उनकी जान ले ली। थिएटर में मौजूद जर्नलिस्ट जुलिएन पिएरेस ने कहा- दो-तीन हमलावर हाथ में बंदूक लिए थिएटर में घुस आए। आते ही वे अंधाधुंध फायरिंग करने लगे। 10-15 मिनट में उन्होंने तीन बार अपनी गन री-लोड की। इसके बाद वहां चारों तरफ केवल लाशें ही लाशें थीं। (पेरिस हमले की पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)
चश्मदीदों ने क्या कहा?
1. सीरिया का बदला लेने की बात
थिएटर में मौजूद आतंकी सीरिया का बदला लेने की बात कह कर गोली बरसा रहे थे। कुछ आतंकियों ने 'अल्लाह-हू-अकब'र कहते हुए लोगों पर फायरिंग की। हालांकि, अभी तक यह कन्फर्म नहीं है कि यह हमला किसने किया है।
--------------------
2. 'टेबल के नीचे सिर छुपाकर गोलियों से बच रहे थे लोग'
पेरिस के जिस रेस्टोरेंट-बार पर हमला हुआ, उसमें भी कई लोग मारे गए हैं। उस वक्त वहां मौजूद बेन ग्रैंट नाम के शख्स ने एक अंग्रेजी चैनल से बातचीत में कहा कि आतंकी चौतरफा गोलियां बरसा रहे थे।
लोग बचने के लिए अपने सिर रेस्टोरेंट की टेबलों के नीचे छुपा रहे थे और छिपने के लिए सेफ जगह खोज रहे थे।
> मेरे सामने ही आतंकियों ने सात-आठ लोगों को मार गिराया। कुछ आतंकी तो कार में बैठकर ही रेस्टोरेंट के अंदर फायर कर रहे थे।
मैं गोली की आवाज सुनता और देखता कि एक-एक आदमी जमीन पर गिरता जा रहा है।
-----------------
3. प्रोफेशनल की तरह गोली चला रहे थे आतंकी
43 साल के ब्रिटिश डैनिश सिटिजन साइकोथैरेपिस्ट मार्क कोलक्लो ने कहा- 'हम कैफे से करीब 20 मीटर दूर थे, तब हमने धमाकों की आवाज सुनी। मुझे कैफे के नजदीक एक शख्स दिखाई दिया, जिसकी लंबाई करीब छह फीट थी। वो शूटिंग पोजिशन में था। उसके बाएं कंधे पर ऑटोमैटिक मशीन गन थी, जिसमें मैगजीन लगी हुई थी। किसी कॉम्बैट सोल्जर की तरह उसके सारे कपड़े ब्लैक थे। वो बाएं हाथ से बंदूक चला रहा था, बिल्कुल किसी प्रोफेशनल की तरह। उसने कैफे में कुर्सियों पर बैठे तीन-चार लोगों को गोली मार दी। उसके बाद वो आसपास घूमने लगा और गाड़ियों पर फायरिंग करने लगा। उसके बाद वो फिर से कैफे में गया और अंधाधुंध गोलियां बरसाने लगा। उसने करीब 15-20 राउंड फायरिंग की। इसके बाद वहां सन्नाटा छा गया।'
--------------------
4. लाइव फुटबॉल मैच के दौरान भी सुने गए धमाके
फ्रांस के जिस नेशनल स्टेडियम में फ्रांस-जर्मनी के बीच फ्रेंडली मैच चल रहा था, वहां धमाकों की आवाज सुनी गई। वहां मैच देख रहे जॉर्ज डोमिनी नाम के शख्स ने एक वेबसाइट से बातचीत में कहा कि मैच के दौरान ही हमला हुआ। आतंकी लगातार गोलियां दाग रहे थे। हमला होते ही लोग इधर-उधर भागने लगे। (हमले के बाद की फोटोज देखने के लिए यहां क्लिक करें)
--------------------
लोगों ने एंथम गाकर दिखाई एकजुटता
शहर के नेशनल स्टेडियम में हमले के वक्त फ्रांस-जर्मनी के बीच फ्रेंडली मैच चल रहा था। मैच के दौरान धमाके की आवाज सुनी गई। इसके बाद लोग मैदान पर आ गए। फैन्स एकजुटता दिखाते हुए फ्रांस का नेशनल एंथम ‘La Marseillaise’ गाते हुए स्टेडियम से निकले। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पेरिस के नेशनल स्टेडियम के बाहर इस हमले का मकसद राष्ट्रपति फ्रांसुवा ओलांद को निशाना बनाना था।

No comments:

Post a Comment