Sunday, 6 March 2016

इसलिए कहते हैं धोनी को कैप्टन कूल...

Image copyrightAFP
एशिया कप के फ़ाइनल में अंतिम दो ओवरों में टीम इंडिया को जीत के लिए 19 रन बनाने थे. एक ओर विराट कोहली थे तो दूसरी ओर शिखर धवन के आउट होने के बाद टीम इंडिया के कप्तान धोनी मौजूद थे.
धोनी ख़ुद को प्रमोट कर नंबर चार बल्लेबाज़ के तौर पर उतरे थे. दो गेंद पर तीन रन बनाकर खेल रहे थे. चौदहवें ओवर की पहली ही गेंद को धोनी ने मिडविकेट के बाहर छह रनों के लिए भेज दिया.
इसके बाद स्टेडियम में सन्नाटा पसर गया. दो गेंद बाद धोनी को फिर स्ट्राइक मिला और इस बार गेंद कवर बाउंड्री के पार चार रन के लिए गई.
ऐसा लग रहा था कि धोनी जल्दी में हैं और अगली ही गेंद पर उन्होंने मिडविकेट पर छक्का लगाकर टीम इंडिया को जीत दिला दी. महज़ छह गेंदों पर नाबाद 20 रन की पारी के साथ धोनी ने दिखाया कि उन्हें क्यों 'बेस्ट फिनिशर' माना जाता है.
Image copyrightAP
वैसे उनके इस छक्के ने वर्ल्ड कप 2011 के फ़ाइनल में लगाए गए उनके छक्के की याद ताज़ा कर दी. धोनी ने दिखाया कि पांच साल बाद भी उनकी बाज़ुओं का दम कम नहीं हुआ है.
इन दोनों छक्कों में एक समानता और भी देखने को मिली. 2011 में धोनी ने जब छक्का लगाकर टीम इंडिया को वर्ल्ड चैंपियन का ख़िताब दिलाया था, उस पारी में भी वो खुद को प्रमोट करके नंबर पांच बल्लेबाज़ के तौर पर खेलने उतरे थे.
छठी बार भारत को एशिया कप का ख़िताब दिलाने के लिए भी धोनी ख़ुद को प्रमोट करके नंबर चार बल्लेबाज़ के तौर पर खेलने उतरे. धोनी ने ख़ुद पर ये भरोसा तब दिखाया जब उन्होंने फ़ाइनल से पहले इस एशिया कप के दौरान महज नौ गेंदों का सामना किया था.
इतना ही नहीं, पांच साल के अंतराल पर इन दोनों पारियों में एक और बात कॉमन थी. दबाव के बावजूद धोनी एकदम कूल अंदाज में अपनी बैटिंग करते नज़र आए.
Image copyrightReuters
जिस टूर्नामेंट से पहले धोनी के संन्यास के बारे में कयास लगाए जा रहे हों, संन्यास की बात पूछी जा रही हो, वहां धोनी वाकई चैंपियन बन कर सामने आए हैं.
वे टीम इंडिया को पिछले 11 टी20 मुक़ाबले में 10 मैच जीता चुके हैं. ऐसे में सबकी नज़रें अब वर्ल्ड टी-20 पर टिक गई हैं.
2007 में धोनी ने इसी फॉरमेट में टीम इंडिया को वर्ल्ड कप का खिताब दिलाकर अपने स्वर्णिम सफ़र की शुरुआत की थी. नौ साल बाद उनके सामने इतिहास दोहराने का मौका है.
धोनी ने भी एशिया कप की जीत के बाद कहा कि उनकी टीम सही ट्रैक पर है.
Image copyrightAP
एशिया कप के दौरान टीम का प्रदर्शन जिस तरह से रहा है उसे देखते हुए यही लग रहा है कि भारतीय खिलाड़ी भी अपने कैप्टन कूल को वर्ल्ड टी20 के ख़िताब के साथ यादगार विदाई देना चाहेंगे.
वैसे अगर वर्ल्ड टी20 में टीम इंडिया कामयाब होती है तो धोनी मल्टी नेशन टूर्नामेंट जीतने वाले भारत के सबसे कामयाब कप्तान बन जाएंगे. फिलहाल वे आठ टूर्नामेंट ख़िताब के साथ अज़हरुद्दीन की बराबरी पर हैं.

No comments:

Post a Comment