Tuesday, 8 December 2015

एथेंस से बच निकला था पेरिस हमलों का 'सरग़ना'

अब्देल हमीद अबाउदImage copyright
Image captionअब्देल हमीद अबाउद
ग्रीस की पुलिस ने इस साल जनवरी में पेरिस हमले के संदिग्ध मास्टरमाइंड अब्देलहमीद अबाउद को पकड़ने की कोशिश की थी लेकिन उनका ऑपरेशन नाकामयाब रहा था.
बेल्जियम के एक आतंकवाद निरोधी सूत्र ने बीबीसी को बताया कि एथेंस के ऑपरेशन का मक़सद बेल्जियम में आतंकवाद निरोधी छापों से पहले अबाउद को पकड़ना था लेकिन ऐसा नहीं हुआ.
अबाउद एथेंस से फ़ोन के ज़रिए बेल्जियम में अपने सहयोगियों को निर्देश देते थे.
13 नवंबर को पेरिस पर हुए चरमपंथी हमले के पांच दिनों बाद अबाउद फ्रांसीसी पुलिस से हुई मुठभेड़ में मारे गए थे. इस चरमपंथी हमले में 130 लोग मारे गए थे.
सूत्र ने बीबीसी को बताया कि वर्वियर्स में चरमपंथियों के ठिकाने पर छापे से पहले बेल्जियम के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अबाउद की तलाश के ऑपरेशन के सिलसिले में ग्रीक पुलिस के साथ मिल कर काम करने के लिए एथेंस में रह रहे थे.
ये अभी साफ़ नहीं है कि अबाउद ग्रीक पुलिस की गिरफ़्त से कैसे बच निकले. उनके सेल फ़ोन के सिग्नल को ट्रैक करने की कोशिश की गई थी लेकिन वो कामयाब नहीं हुई.
वर्वियर्सImage copyright
Image captionवर्वियर्स में पुलिस कार्यवाही में दो चरमपंथी मारे गए थे
ग्रीक अधिकारी किसी भी ब्योरे की पुष्टि नहीं कर रहे हैं. सिर्फ़ ये मालूम है कि अबाउद बच निकले थे. ग्रीक पुलिस ने वर्वियर्स में छापेमारी के दो दिन बाद 17 जनवरी को एथेंस में छापे मारे.
उस दिन बेल्जियम की मीडिया में ख़बर छपी थी कि अधिकारी अबाउद की तलाश में हैं जो ब्रसेल्स में रहने वाले मोरोक्को मूल के नागरिक थे, और माना जा रहा था कि ग्रीस में छिपे हुए हैं.
ग्रीक पुलिस ने एथेंस में दो फ़्लैटों पर छापा मारा. अल्जीरियाई मूल के एक शख़्स को बेल्जियम वापिस भेजा गया था लेकिन अबाउद का पता नहीं चला था.
अब ये साबित हो गया है कि पेरिस में मिले अबाउद के शव का डीएनए इन दोनों फ़्लैट्स में मिले डीएनए से मेल खाता है.
इन फ़्लैट्स के पास रहने वाले वासिलिस काट्सानोस ने कहा कि उन्होंने अबाउद को कम से कम दो बार फ़्लैट्स के बाहर देखा था.
फ्रांस में छह असफल चरमपंथी हमलों में से चार में अबाउद का हाथ माना जा रहा है.
लेकिन ग्रीस और पेरिस हमलों के बीच अबाउद ही एकमात्र कड़ी नहीं हैं.
सलाह अब्देस्लामImage copyrightPolicia de Francia
Image captionसलाह अब्देस्लाम
सलाह अब्देस्लाम जो अब भी फ़रार हैं, एक अगस्त को इटली से ग्रीस आए थे और तीन दिनों बाद वहां से चले गए थे.
पेरिस के स्टेडियम पर विस्फोट करने वाले दो आत्मघाती हमलावर भी शरणार्थी बन कर तुर्की से लेरोस द्वीप पर आए थे.
एथेंस से मिल रहे ब्योरों से तो यही लगता है कि यूरोपीय देशों के आतंकवाद निरोधी अधिकारियों के बीच जानकारी की अदला बदली और सहयोग को बहुत बढ़ाने की ज़रूरत है.
अगर अबाउद को एथेंस में पकड़ लिया जाता तो पेरिस पर हमले होते ही नहीं.

No comments:

Post a Comment