Tuesday, 15 December 2015

ट्रेन ड्राइवर जाएं तो जाएं कहाँ!

Image copyrightRavi Prakash
अगर आप भारतीय रेल में ड्राइवर बनना चाहते हैं, तो पहले शौच और पेशाब पर नियंत्रण हासिल करना सीखना होगा.
भारत में क़रीब 22 हज़ार सवारी रेल गाड़ियां और मालगाड़ियां हर रोज़ पटरी पर दौड़ती हैं. ये क़रीब तीन करोड़ मुसाफ़िरों और अरबों रुपए के माल को हर रोज़ मंज़िल तक पहुंचाती हैं.
Image copyrightRavi Prakash
ऑल इंडिया रेलवे मेंस फ़ेडरेशन के महामंत्री शिव गोपाल मिश्र ने बीबीसी को बताया कि ट्रेनों को चलाने के लिए हर रोज़ क़रीब 50 हज़ार ड्राइवर ड्यूटी करते हैं. दस घंटे बाद बदलने वाली शिफ़्ट पर ध्यान दें तो यह संख्या और बड़ी हो जाती है. लेकिन इनके लिए ट्रेनों के इंजन में शौचालय या पेशाबघर का इंतज़ान नहीं है.
हटिया-राउरकेला रूट पर ट्रेन चलाने वाले लोको पायलट विनोद उरांव ने बीबीसी को बताया, "इंजन में टॉयलेट नहीं होने से काफ़ी दिक्कत होती है. हमें नेचुरल कॉल पर नियंत्रण रखना पड़ता है. इस वजह से 40 की उम्र आते-आते ज़्यादातर ट्रेन ड्राइवर बीमारियों का शिकार हो जाते हैं."
उन्होंने बताया कि कई बार मांग करने के बाद भी इंजन में टॉयलेट की व्यवस्था नहीं की गई है.
Image copyrightRavi Prakash
विनोद कहते हैं, "एक तरफ़ प्रधानमंत्री खुले में शौच से रोकने के लिए स्वच्छता अभियान चला रहे हैं, वहीं हम ड्राइवरों को खुले में शौच करना पड़ता है. हमें इंजन से दूर जाने की इजाजत नहीं होती है, इसलिए हम पैसेंजर बोगी में जाकर भी शौच नहीं कर सकते."
Image copyrightRavi Prakash
ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन के रांची मंडल के असिस्टेंट सेक्रेटरी फारूक अंसारी ने बताया, ''इंजन में टॉयलेट बनाने और कुछ अन्य मांगों को लेकर 14 व 15 दिसंबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर ड्राइवरों की रैली निकाली जाएगी.
रांची के सीनियर डीसीएम नीरज कुमार ने बीबीसी को बताया कि चलती ट्रेन में अगर ड्राइवर को नेचुरल काल आए तो वह अगले स्टेशन को 'आइ एम नॉट वेल' का संदेश भेजता है. फिर अगले स्टेशन पर उनके शौच की व्यवस्था कराई जाती है. इस दौरान ट्रेन को सेफ लाइन में रखा जाता है ताकि दूसरी ट्रेनें इससे प्रभावित न हों.
पूर्व रेलमंत्री दिनेश त्रिवेदी (फ़ाइल फ़ोटो)Image copyrightRavi Prakash
तृणमूल कांग्रेस के सांसद और पूर्व रेलमंत्री दिनेश त्रिवेदी मानते हैं कि यह गलत परंपरा है. इंजन में टॉयलेट होना ही चाहिए. उन्होंने बीबीसी को बताया कि दुनिया के कई देशों में इंजन में टॉयलेट है. भारतीय इंजन की डिजाइन में भी टायलेट के लिए जगह निकाली जा सकती है.
Image copyrightRavi Prakash
उन्होंने कहा कि बिहार के मढ़ौरा और मधेपुरा में बनने वाले इंजन कारख़ानो में इस तरह के इंजन बनाने पर काम हो रहा है. यहां बनने वाले इंजनों में शौचालय भी रखा जाना चाहिए.
ऑल इंडिया रेलवे मेंस फ़ेडरेशन के महामंत्री शिव गोपाल मिश्र ने बताया कि प्रयोग के तौर पर क़रीब पांच डीजल इंजन और दस बिजली के इंजन में शौचालय की व्यवस्था की गई है. लेकिन फ़िलहाल यह प्रयोग के तौर पर ही चल रहा है और इंजन में शौचालय की सुविधा अभी भी एक सपना है.

No comments:

Post a Comment