Friday, 25 December 2015

पाक में भारत-पाक विदेश सचिव स्तर की बातचीत?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन देशों के दौरे से वापिस भारत लौट आए हैं. हालांकि पहले केवल रूस और अफ़ग़ानिस्तान जाने की बात थी.
रूस यात्रा के बाद वे एक दिन अफ़ग़ानिस्तान में ठहरे.
इसके बाद अचानक ही उन्होंने शुक्रवार को काबुल से दिल्ली लौटते समय रास्ते में लाहौर में थोड़ी देर रुकने का फ़ैसला किया.
इस बात पर देश में अभी भी बहस हो रही है कि उनकी पाकिस्तान यात्रा 'सरप्राइज़ विज़िट' थी या पूर्वनियोजित यात्रा.
लाहौर हवाई अड्डे पर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज़ शरीफ़ ख़ुद उन्हें लेने आए और फिर लौटते समय भी हवाई अडडे पर उन्हें सीऑफ़ किया. लगभग दो घंटे तक मोदी पाकिस्तान में रहे. मोदी ने शरीफ़ परिवार के लाहौर के नज़दीक स्थित निजी आवास रायविंद पैलेस में नवाज़ शरीफ़ से मुलाक़ात की.
पाकिस्तान में नवाज़ शरीफ़ के परिवार के साथ गुज़ारे समय का ज़िक्र करते हुए मोदी ने कहा कि नवाज़ शरीफ़ का जन्मदिन और फिर उनकी नवासी की शादी ने उनकी ख़ुशी को दोगुना कर दिया.
दिल्ली पहुंच कर एक ट्वीट में मोदी ने पाक प्रधानमंत्री नवाज़ शरीफ़ की तारीफ़ करते हुए लिखा, "लाहौर हवाईअड्डे पर मेरे स्वागत के लिए आने और मुझे विदा देने के लिए भी वहां मौजूद रहने से मैं निजी तौर पर बहुत प्रभावित हुआ हूं"
एक और ट्वीट में उन्होंने लिखा कि बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपयी के लिए नवाज़ शरीफ़ के स्नेह को देख कर वे बहुत द्रवित हुए.
Image copyrighttwitter
मोदी ने अपने ट्वीट में लिखा, "उन्होंने वाजपेयी जी के साथ अपनी बातचीत को याद किया और मुझसे कहा कि मैं उनका अभिवादन अटल जी तक पहुंचाऊं."
दिल्ली लौटने के बाद प्रधानमंत्री मोदी अटलबिहारी वाजपेयी के आवास पर भी गए और उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं.
इस बीच समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़, ''15 जनवरी को पाकिस्तान में भारत-पाक के बीच विदेश सचिव स्तर पर बातचीत होगी.''
उधर जम्मू में पत्रकारों को संबोधित करते हुए अभिनेता अनुपम खेर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की ये अचानक लाहौर यात्रा "एक महत्वपूर्ण राजनयिक क़दम है". खेर ने कहा कि किसी भी परिवार के मुखिया की तरह वे दोनों देशों के बीच हालात पर क़ाबू पाने की कोशिश कर रहे हैं.

No comments:

Post a Comment