Sunday, 20 December 2015

नाबालिग़ की रिहाई के ख़िलाफ़ सुनवाई आज

Image copyrightGetty
जो ख़बरें सोमवार को सुर्ख़ियों में रहेंगी उनमें 'आप' नेताओं पर वित्त मंत्री अरुण जेटली का मानहानि का दावा, निर्भया मामले में नाबालिग़ दोषी की रिहाई के ख़िलाफ़ याचिका पर सुनवाई और दिल्ली में जेडीयू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी शामिल हैं.
वित्त मंत्री अरुण जेटली ने कहा है कि वो अपने ऊपर लगाए भ्रष्टाचार के आरोपों के सिलसिले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल समेत आम आदमी पार्टी के कई नेताओं के ख़िलाफ़ आज मानहानि का मुक़दमा दायर करेंगे.
'आप' पार्टी दिल्ली क्रिकेट संघ के अध्यक्ष के तौर पर जेटली के कार्यकाल में करोड़ों रुपए के घपले का आरोप लगा रही है.
निर्भया सामूहिक बलात्कार कांड के नाबालिग दोषी की रिहाई के खिलाफ दिल्ली महिला आयोग की याचिका पर आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी.
निर्भया के माता पिता और बहुत से लोगों के विरोध के बावजूद नाबालिग़ दोषी को तीन साल सुधार गृह में रखे जाने के बाद कल रिहा कर दिया गया.
Image copyrightSanjay Kumar
नई दिल्ली में जनता दल यूनाइटेड की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक चल रही है.
बिहार विधानसभा चुनावों में शानदार जीत के बाद ये पार्टी की पहली राष्ट्रीय कार्यकारिणी है और इसमें उत्तर प्रदेश, असम और कई अन्य राज्यों में आगामी विधानसभा चुनावों में भाजपा को हराने के लिए संभावित समीकरणों पर विचार हो रहा है.
Image copyrightGetty
दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सांसदों को दो इलेक्ट्रिक बसें तोहफे में देंगे.
सड़क परिवहन मंत्री नितिन गड़करी का कहना है कि लिथियम-आयन से चलने वाली ये बसें उसी बैटरी से चलेंगी जिसका उपयोग भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) उपग्रहों में करता है.
अंतरराष्ट्रीय खबरों में स्पेन में आम चुनाव के बाद उभरने वाली सियासी तस्वीर पर नजर रहेगी. वहां सत्ताधारी पॉपुलर पार्टी को सबसे ज्यादा सीटें तो हासिल हुई हैं लेकिन उसने अपना बहुमत खो दिया है.
Image copyrightGetty
फीफा की नैतिक मामलों से जुड़ी समिति आज संगठन के निलंबित अध्यक्ष सेप ब्लाटर और उपाध्यक्ष मिशेल प्लातिनी के मामले में फ़ैसला सुना सकती है कि वो भ्रष्टाचार के दोषी हैं या नहीं. ब्लाटर भी आज एक प्रेस कांफ्रेस करने वाले हैं.
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में आज सीरिया के मानवीय संकट पर चर्चा होगी. वहां जारी गृह युद्ध को ख़त्म करने के लिए तैयार एक शांति योजना को सुरक्षा परिषद पहले ही अपना समर्थन दे चुकी है.

No comments:

Post a Comment