Saturday, 12 December 2015

लश्कर की आत्मघाती हमलावर थी इशरत जहां : हेडली

नई दिल्ली । मुंबई हमलों से जुड़े लश्कर-ए-तोइबा के आतंकी डेविड हेडली ने इशरत जहां के संबंध में गुजरात पुलिस की ओर से किए दावे को दोहराया है। अमेरिका में जन्मे हेडली ने राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) को पूछताछ में बताया है कि अहमदाबाद में मारी गई मुंबई की लड़की इशरत जहां उसके संगठन की आत्मघाती हमलावर थी। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि हेडली ने यह सूचना एनआई और विधि विभाग की चार सदस्यीय टीम के साथ उस समय साझा की जब यह टीम अमेरिका के शिकागो गई थी। गौरतलब है कि इशरत जहां के एनकाउंटर को लेकर देश में बड़ा विवाद छिड़ा था। उसे कथित तौर पर लश्कर के आत्मघाती दस्ते का सदस्य बताया था जिसे लश्कर के मुजामिल ने अपने दस्ते में शामिल किया था। हेडली के इस खुलासे से गुजरात पुलिस और केंद्र के रुख की पुष्टि हुई है। इशरत के परिवार ने दावा किया था कि इशरत एक छात्रा थी। परिवार में इस मामले में कोर्ट में अपील दायर की है। दूसरी ओर, गुजरात पुलिस ने कहा था कि अहमदाबाद में मारे गए आतंकी राज्य के तत्कालीन मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला करने के इरादे से वहां पहुंचे थे।
– भारत में २००६ से था हेडली
सूत्रों के अनुसार लश्कर के लिए हेडली का भारत में रेकी का मिशन वर्ष २००६ में शुरू हुआ था। गौरतलब है कि इशरत जहां १५ जून २००४ को जावेद शेख उर्फ प्रणेश पिल्लई और पाकिस्तान के दो युवकों अमजद अली और जीशान जोहर अब्दुल गनी के साथ अहमदाबाद के बाहरी इलाके में मुठभेड़ में मारी गई थी। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, ये सभी लोग एक कार में सवार थे। उधर, इशरत की मां शमीमा कौसर ने गुजरात हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की थी, जिसमें कहा गया है कि उनकी बेटी जावेद शेख के परफ्यूम बिजनेस में सेल्स गर्ल का काम करती थी।

No comments:

Post a Comment