Friday, 13 November 2015

अगले साल वसंत में पहली बार भारत आएंगे विलियम और केट

अगले साल वसंत में पहली बार भारत आएंगे विलियम और केट
ब्रिटेन के राजकुमार विलियम और उनकी पत्नी केट मिडलेटन
लंदन: ब्रिटेन के राजकुमार विलियम और उनकी पत्नी केट मिडलेटन अगले साल की पहली छमाही में भारत की यात्रा करेंगे। दोनों की यह पहली भारत यात्रा होगी।
केनसिंगटन पैलेस ने शुक्रवार को विलियम और केट के इस प्रस्तावित भारत दौरे के बारे में उस समय ऐलान किया जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बकिंघम पैलेस में महारानी एलिजाबेथ की ओर से आयोजित दोपहर के भोज में शामिल हुए।

प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी अपने पहले ब्रिटेन दौरे पर हैं।  केनसिंगटन पैलेस के एक प्रवक्ता ने बताया कि कैब्रिज के ड्यूक और डचेज (विलियम एवं केट) अगले साल भारत की यात्रा करेंगे। यह उनका पहला भारत दौरा होगा और ब्रिटिश सरकार के आग्रह पर इसकी योजना बनी है। क्या उनके बच्चे राजकुमार जॉर्ज और राजकुमारी शारलेट उनके साथ भारत जाएंगे, इस बारे में अगले साल की शुरुआत में पता चलेगा।

इस शाही दंपती का दिसंबर, 2014 के बाद यह पहला आधिकारिक विदेश दौरा होगा। इससे पहले दिसंबर, 2014 में दोनों तीन दिन के आधिकारिक दौरे पर न्यूयॉर्क पहुंचे थे। विलियम ने भारत की यात्रा नहीं की, लेकिन उनके पिता राजकुमार चार्ल्स भारत का आठ बार दौरा कर चुके हैं।

पिछली बार वह नवंबर, 2013 में भारत गए थे। इस दौरे पर चार्ल्स देहरादून, नई दिल्ली, मुंबई, पुणे और कोच्चि गए थे। विलियम की मां राजवधू डायना ने 1992 में भारत का दौरा किया था।

No comments:

Post a Comment