पेरिस में हुई गोलीबारी और धमाकों से फ्रांस में एक बार फिर दहशत फैल गई है. अब तक क़रीब 120 लोगों के मारे जाने की ख़बर है.
हालांकि इस घटना की ज़िम्मेदारी अभी तक किसी ने नहीं ली है, लेकिन माना जा रहा है कि इसके पीछे इस्लामिक स्टेट का हाथ हो सकता है.
बीबीसी न्यूज़नाइट के राजनयिक संपादक मार्क अर्बन ने ट्वीट किया है कि इस्लामिक स्टेट के समर्थक सोशल मीडिया पर इस हमले को लेकर ख़ुशी जता रहे हैं.
वहीं घटना की निंदा करते हुए अंतरराष्ट्रीय जगत ने फ्रांस को हर तरह की सहायता की पेशकश की है.
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री डेविड कैमरन ने ट्वीट किया है, ''पेरिस में आज हुई घटना से मैं स्तब्ध हूं. हम लोग पूरी तरह से फ्रांस के लोगों के साथ हैं. हमसे जो भी मदद हो सकेगी, हम करेंगे.''
वहीं अमरीकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने हमले की निंदा करते हुए इसे कायरतापूर्ण कार्रवाई बताया है.
ओबामा ने कहा कि ये मानवता पर हमला है और अमरीका पूरी तरह से फ्रांस के साथ खड़ा है.
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर लिखा है, "पेरिस से आ रही ख़बर दर्दनाक और दुखद है. मारे गए लोगों के साथ हमारी संवेदनाएँ हैं. इस घड़ी में हम पेरिस के लोगों के साथ हैं."
उधर, कनाडा के प्रधानमंत्री ने भी कहा है कि इस मौके पर कनाडा फ्रांस के साथ हैं और उसे हरसंभव मदद देगा. उन्होंने कहा, "हम अंतरराष्ट्रीय समुदाय के साथ काम करते रहेंगे ताकि ऐसे हमलों को रोका जा सके."
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए यहां क्लिक करें. आप हमें फ़ेसबुक औरट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)
No comments:
Post a Comment